खेत में आलू के बोरों पर पड़ा हुआ था शव
- फोटो : Demo pic
निबोहरा के गांव सलेमपुर धनकर में गुरुवार शाम को कालीचरन (45) की फावड़े से वार कर हत्या कर दी गई। शाम को उसके छोटे भाई के खेत में पहुंचने पर इसकी जानकारी हुई। सूचना पर सीओ फोर्स के साथ पहुंचे। जानकारी पर परिवारवाले और बड़ी संख्या मेें लोग भी आ गए।
सलेमपुर धनकर निवासी कालीचरन पुत्र भगवंत सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह अविवाहित था। घरवालों ने बताया कि वह साधु वेष में रहता था। काफी वर्षों से बाहर था। पिछले साल दीपावली पर लौटकर आया था। खेतों में झोपड़ी में रहकर फसलों की रखवाली करता था। गुरुवार शाम को उसका छोटा भाई अशोक खेतों पर गया था। आलू के बोरों पर उसका लहूलुहान शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए। चीखपुकार पर आसपास के लोग और परिवार के लोग भी आ गए। शव पर फावड़े से प्रहार करने के निशान थे। सूचना पर सीओ अशोक कुमार डौकी, शमसाबाद और फतेहाबाद थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। सीओ ने बताया कि फावड़े से पीछे से वार कर हत्या की गई है। अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
कबूलपुर रोड पर मिला शव
मिढाकुर। ककुआ में कबूलपुर रोड पर गुरुवार को लहूलुहान शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सुबह साढ़े पांच बजे लोग शौच को जा रहे थे। तभी उन्हें झाड़ियों में शव दिखाई दिया। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र 35 वर्ष लग रही है।