मथुरा में महिला सिपाही पर तेजाब फेंकने वाले दो और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। इन दोनों को पुलिस रविवार को जेल भेजेगी। शुक्रवार को पकड़े गए एसिड विक्रेता और एक आरोपी को पुलिस ने जेल भेजा है। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हुए मुख्य आरोपी की पुलिस ने 14 दिन की कस्टडी रिमांड ले ली है।
थाना सदर बाजार के दामोदरपुरा के पास चार अप्रैल को श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा ड्यूटी के लिए पुलिस वाहन का इंतजार कर रही महिला सिपाही नीलम पर तेजाब फेंका गया था। आरोपियों को पकड़ने में जुटी पुलिस ने राधे कोल्ड स्टोर के पास मुठभेड़ में मुख्य आरोपी संजय निवासी बिजलीपुर, बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर लिया था। जमुनापार पुलिस ने खुर्जा के पाहसू रोड पर एसिड विक्रेता पुनीत शर्मा को भी गिरफ्तार करते हुए आरोपी सोनू के साथ जेल भेज दिया है। शनिवार की देरशाम पुलिस ने किशन शर्मा और बॉबी को गोकुल बैराज से गिरफ्तार कर लिया।