आगरा में एक युवक ने पत्नी और ससुरालीजनों के टॉर्चर के बाद पुलिस की धमकी से परेशान होकर सुइसाइड कर ली। बताया गया है कि मृतक बिजनेस में घाटे को लेकर भी परेशान था। ऐसे में एक साथ खराब हुए हालातों ने उसे तोड़कर रख दिया और उसने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया गया है कि आवास विकास के सेक्टर 16 निवासी गिरीश कश्यप (38) पुत्र रमेश चंद्र कश्यप को व्यापार में घाटा हो गया था। वह अपनी गाड़ी की किश्त भी जमा नहीं कर पा रहा था। मृतक के पिता ने बताया कि उन्होंने उसकी मदद के लिए भी कहा लेकिन गिरीश ने पिता से मदद नहीं ली। इसी बीच एक जुलाई को उसका पत्नी से झगड़ा हो गया।
पिता ने बताया कि पत्नी से झगड़े के बाद गिरीश के ससुरालीजन भी आ गए और उन्होंने इसके बाद उससे मारपीट की। बाद में थाने जाकर शिकायत कर दी। थाने में पुलिस करीब दो घंटे तक उसे बैठाए रही और बाद में पत्नी से समझौता कराकर छोड़ दिया। लेकिन पत्नी फिर भी नहीं मानी और उसने महिला थाने जाकर अपने पति की शिकायत कर दी।
गिरीश के पिता ने बताया कि गिरीश दिल्ली गया हुआ था। इसी दौरान उसके पास महिला थाने से फोन आया। आरोप है कि थाने से फोन करने वाले ने उसे धमकी दी और पत्नी की शिकायत को लेकर थाने आने की बात कही। उसने घर आकर यह बात अपने परिवारीजनों को बताई। मंगलवार रात को गिरीश इतना तनाव में आ गया कि उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवारीजनों ने उसका शव देखा तो चीख-पुकार मच गई। मामले में मृतक के पिता ने पत्नी और ससुरालियों पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।