आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र में जंगल में लकड़ी काटने गए लोग बबूल के पेड़ पर शव लटका देख दहशत में आ गए। शव आगरा के खंदौली क्षेत्र निवासी छात्र का निकला, जो करीब एक महीने से लापता बताया गया है।
एत्मादपुर थाना क्षेत्र में छलेसर के आसपास रविवार को जंगल में लकड़ी काटने गए लोगों ने पेड़ पर शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो शव काफी पुराना था। सोमवार को शिनाख्त में सामने आया कि शव खंदौली के गांव उजरई निवासी संदीप का है।
पुलिस की सूचना पर पहुंचे मृतक के चाचा रेशमलाल ने बताया कि संदीप आगर के भवानी सिंह डिग्री कालेज में बीएससी का छात्र था और 11 मई को वह घर से पेपर देने की कहकर निकला था। इसके बाद लौटा नहीं। घरवालों ने काफी खोजबीन के बाद एत्माद्दौला थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
रेशमलाल ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले भी संदीप अचानक घर से बिना बताए चला गया था। कुछ दिन बाद लौट आया। ऐसे में परिवारीजनों ने इस बार भी सोचा कि हो सकता है लौट आए। फिर भी उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। उसका शव मिलने की सूचना ने परिवार में कोहराम मच गया।
एत्मादपुर थाने के कोतवाल जयकरन ने बताया कि शव काफी दिन पुराना है। बबूल के पेड़ पर यह गले में फंदे के सहारे लटका था। युवक ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या कर शव लटकाया गया है, यह बात पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो सकेगी।