कमला नगर में चांदी पायल कारोबारी की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
थाना न्यू आगरा के कमला नगर में चांदनी चौक रोड पर बल्केश्वर चौकी के पास रविवार रात चांदी पायल कारोबारी रामकुमार अग्रवाल (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने कर्मचारी के साथ स्कूटर से घर लौट रहे थे। बाइक सवार तीन हमलावरों ने उनके स्कूटर के बगल में बाइक लगाई और गोली मारकर भाग गए। कारोबारी को कर्मचारी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पर बड़ी संख्या में पहुंचे सराफों ने आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे ने अस्पताल पहुंचकर एसएसपी से घटना के जल्द खुलासे की मांग की।
बल्केश्वर स्थित सीताराम कालोनी फेस द्वितीय निवासी रामकुमार अग्रवाल पुत्र बाबूलाल अग्रवाल का चौबेजी का फाटक में ली पायल के नाम से कारोबार है। शाम तकरीबन 7:30 बजे दुकान बंद करके कर्मचारी युगल शर्मा निवासी कमला नगर के साथ स्कूटर से घर के लिए चले थे। लंगड़े की चौकी से आगे निकलकर जैसे ही चांदनी चौके की ओर आए अपाचे पर तीन बदमाशों ने गोली मारी, लेकिन वह उन्हें नहीं लगी। इस पर युगल ने स्पीड बढ़ा दी। इस पर बदमाशों ने उनके बगल में बाइक लगाकर रामकुमार को गोली मार दी। कुछ दूर चलने के बाद वह स्कूटर से गिर गए। कर्मचारी उन्हें चंद कदम की दूरी पर स्थित हास्पिटल ले गया, जहां उन्हें भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद एंबुलेंस से सिकंदरा स्थित निजी अस्पताल, बाद मेें संजय प्लेस स्थित जीजी नर्सिंग होम लेकर गया। एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कोतवाली सीओ, न्यू आगरा पुलिस सहित क्राइम ब्रांच को हमलावरों की धरपकड़ लिए लगाया है। मामले मेें लापरवाही पर कमला नगर चौकी इंचार्ज अश्वनी कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है।
आज से सराफा बाजार बंद
चांदी कारोबारी की हत्या की घटना से कारोबारियों में आक्रोश है। घटना के खुलासे तक सराफा बाजार बंद करने का ऐलान किया है।