सदर के डिफेंस कॉलोनी में स्कॉर्पियों को रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने एक सिपाही को गोली मार दी। गोली मारकर बदमाश भाग निकले। घायल सिपाही को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी होने पर आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। देर रात बदमाशों की घेराबंदी जारी रही।
सदर के डिफेंस कॉलोनी फेज वन स्थित एक गली में एसआई मोहर सिंह दो सिपाहियों के साथ ड्यूटी पर थे। चीता मोबाइल के सिपाही दिनेश, उपेंद्र (10.1) और अखिलेश, अवधेश (10.1 )उनके पीछे थे। इसी दौरान डिफेंस कॉलोनी फेज वन की गली से हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियों आती हुई दिखी। पुलिस के सिपाहियों ने कार को रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने स्पीड बढ़ा दी और कार नौलक्खा रोड की ओर ले गए। कार में बदमाश सवार होने की आशंका पर वायरलेस पर सूचना कर दी। इसके साथ ही एक जीप और दो चीता मोबाइल के सिपाही बाइक से कार के पीछे लग गए। पुलिस को पीछे आता देख बदमाश नौलक्खा में बैरियर तोड़कर कार को माल रोड की ओर ले गए। वहीं पीछे से आ रही जीप बैरियर टूटने की वजह से फंस गई। चीता मोबाइल के सिपाही कार के पीछे लगे रहे। फूल सैय्यद के पास चीता मोबाइल के सिपाहियों ने कार को घेर लिया। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही दिनेश के जांघ में गोली लग गई। फायरिंग करते ही बदमाश फतेहाबाद रोड की ओर भाग निकले। घायल सिपाही को दिल्ली गेट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ असीम चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए।
गोकश हो सकते है कार सवार
आशंका जताई जा रही है कि कार में सवार बदमाश गोकस हो सकते हैं। पुलिस के इशारा देने पर पकड़े जाने के डर से वह कार लेकर भाग निकले।