फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में संपत्ति के विवाद में 75 साल के दादा की हत्या के आरोपी पौत्रों को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दादा ने जमीन बेचकर पोती की शादी कर दी थी। दोनों पौत्र इसी बात से नाराज थे और उन्होंने गोली मारकर दादा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचा भी बरामद किया है।
एसपी ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को प्रोफेसर कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राजपाल सिंह चौहान (75) की हत्या कर दी गई थी। मृतक के छोटे बेटे ललित कुमार ने अपने भतीजे राज बसंत उर्फ गोपाल और राज हेमंत उर्फ मोनू समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए थे।
संबंधित खबर- फिरोजाबाद: मकान के विवाद में 75 साल के दादा की गोली मारकर हत्या, आरोपी नाती फरार
एसपी ग्रामीण ने बताया कि क्षेत्राधिकारी बल्देव सिंह खनेड़ा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तोमर ने वरिष्ठ उप निरीक्षक अंजीश कुमार, उप निरीक्षक नितिन कुमार त्यागी के साथ शनिवार सुबह बोझिया कट के समीप एनएच-2 से हत्या में वांछित मुख्य आरोपी राज बसंत उर्फ गोपाल और राज हेमंत उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया।