आगरा में समाजवादी पार्टी की पूर्व पदाधिकारी महिला 11 दिनों से लापता हो गई। महिला के पति ने एक संगठन के पदाधिकारी के खिलाफ एत्माद्दौला थाने में शिकायत की। इस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली। पति ने पत्नी के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की है।
थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के एक सरकारी कर्मचारी की पत्नी पूर्व में सपा की पदाधिकारी थी। एक सामूहिक विवाह सम्मेलन के आयोजन कराने के दौरान हुए विवाद के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया। इस दौरान उसकी मुलाकात एक युवक से हो गई।
युवक एक संगठन में पदाधिकारी था। वो छतरपुर, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। दोनों ने अपना सामाजिक संगठन बना लिया। इस दौरान युवक का महिला के घर आना जाना शुरू हो गया। 21 जनवरी को पदाधिकारी महिला को दिल्ली में एक पार्टी का बड़ा पद दिलाने के बहाने लेकर चला गया। तब से महिला का कोई पता नहीं है।
पति तलाश कर रहा है। पुलिस ने 26 जनवरी को एनसीआर दर्ज कर ली। आरोप है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। शुक्रवार को कांग्रेस की नेता शबाना खंडेलवाल के साथ पीड़ित एसएसपी आफिस पहुंचा। उन्होंने शिकायती पत्र देकर पत्नी को बरामद करने और युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।