महर्षिपुरम में रविवार रात को दो भाइयों पर फायरिंग करने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद एक बार फिर सोमवार रात को हमलावरों ने पीड़ित के घर पर फायरिंग कर दी। उन्होंने पांच राउंड फायर किए। भागते हुए पथराव भी किया। इससे परिवार दहशत में आ गया। क्षेत्र के लोग बाहर निकलते तब तक हमलावर भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी पर सिकंदरा की पुलिस पहुंची। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
बता दें कि ककरैठा निवासी अनिल यादव रविवार रात 11.15 बजे अपने चचेरे भाई बबलू पुत्र राजेंद्र के साथ भावना टावर स्थित प्लॉट से बुलट से घर लौट रहे थे। रेलवे पुल से उतरते ही उनके पीछे बिना नंबर की जायलो गाड़ी लग गई। गाड़ी में आठ-दस हथियारबंद लोग थे। दोनों भाई महर्षिपुरम के मोड़ पर पहुंचे तो हमलावरों ने गाड़ी रोककर राइफल और पिस्टलों से फायरिंग कर दी थी। दोनों भाई बुलट छोड़कर जान बचाकर भागे थे। सूचना पर आई पुलिस को देखकर हमलावर गाड़ी छोड़कर भाग निकले थे। मामले में बबलू ने ककरैठा निवासी राकेश यादव, पप्पू, रवि यादव पुत्र कालीचरन, फीरोजाबाद के नगला जमालीपुर निवासी बल्लो उर्फ प्रणवीर पुत्र बच्चू सिंह, रुनकता निवासी विपिन सिंह सिकरवार और पौरी फरह (मथुरा) निवासी अन्नी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बबलू ने बताया कि मुकदमा दर्ज कराने के बाद से हमलावर पक्ष धमका रहे थे। उन्हें फोन पर धमकी मिल रही थी। उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई। सोमवार रात तकरीबन दस बजे बबलू का परिवार छत पर बैठा था। तभी तीन-चार बाइक पर आए कुछ लोगाें ने उसके घर पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पथराव भी किया। हमलावरों ने तकरीबन पांच राउंड फायर किए। परिवार छिप गया। फायरिंग की आवाज सुनकर क्षेत्र के लोग बाहर आए तो हमलावर भाग खड़े हुए। इसकी जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके से दो खोखे भी बरामद किए गए हैं।
तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार
इंस्पेक्टर ने बताया कि राकेश, विपिन और प्रणवीर को महर्षि पुरम के पास से गिरफ्तार किया गया था। विपिन और प्रणवीर पर एक-एक तमंचे मिले है। पप्पू यादव पहले भी जेल जा चुका है। पप्पू और रवि हरियाणा की शराब की बिक्री करते हैं। तीन-चार दिन पहले ककरैठा में अवैध शराब पकड़ी गई थी। इस मामले में रवि यादव फरार था। इसी को लेकर गांव के पप्पू यादव और कालीचरण समेत अन्य को शक था कि अनिल पक्ष के लोगों ने मुखबिरी की है। इसलिए उनके ऊपर हमला किया गया। घटना के बाद से गांव में हैं। इस कारण पुलिस बल तैनात किया गया है।