बीएड कालेज के प्रबंधक के खिलाफ एमबीए की छात्रा ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
बुुढ़ान सैय्यद, हरीपर्वत निवासी माधुरी बीएड सत्र 2015-2016 की काउंसलिंग में खंदारी कैंपस गई थी। आरोप है कि कैंपस में श्री पूरन प्रसाद मेमोरियल डिग्री कालेज अकबरा रोड, रुनकता के प्रबंधक नीरज सिंह सिकरवार मिले। उन्होंने मदद के बहाने फोन मांगा और उसमें से ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) चोरी कर अपने कॉलेज को लॉक कर दिया। उसने आपत्ति की तो नीरज ने आश्वासन दिया कि वह लखनऊ से कालेज बदलवा देंगे। इसके बाद शैक्षणिक प्रमाण पत्र ले लिए। इसके बाद टालमटोल करने लगे। शक होने पर उसने उनके कालेज में प्रवेश नहीं लिया। हिंदुस्तान कालेज में एमबीए में प्रवेश ले लिया। कुछ दिन पूर्व माधुरी ने दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक की फरह शाखा में है। आवेदन करने के बाद उसे कालेज से पता चला कि उसका एक खाता रुनकता स्थित बैंक की शाखा में भी खोला गया है, जो नीरज ने खुलवाया है। इस कारण उसकी छात्रवृत्ति भी खाते में नहीं आई। छात्रा ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद थाना सिकंदरा में कालेज प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा का कहना है कि अगर, उसे छात्रवृत्ति नहीं मिली तो उसकी पढ़ाई बाधित हो जाएगी।