मृतक किसान बृजेश कुमार का फाइल फोटो
चुनावी मौसम में किसानों के लिए वादों की झड़ी लगाई जा रही है, लेकिन 'अन्नदाता' की हालत किसी से छिपी नहीं है। इसी के चलते किसानों की आत्महत्या के मामले थम नहीं रहे हैं। मैनपुरी जिले में एक किसान ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आत्महत्या की वजह फसल बर्बाद होना बताई है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव सगामई निवासी बृजेश कुमार पुत्र रामस्वरूप सक्सेना (32) छोटे काश्तकार थे। इस बार किसान बृजेश ने कर्जा लेकर खेत में आलू की फसल की थी। पत्नी शालिनी ने बताया कि इस बार आलू की फसल खराब हो गई थी, जिसके कारण बृजेश परेशान रहते थे।
रविवार रात बृजेश ने सल्फास खा लिया। जानकारी होने पर परिजन सैफई ले गये, जहां इलाज के दौरान सोमवार बृजेश की मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।