विधानसभा चुनाव 2017 के लिए राजनीतिक दलों के साथ पुलिस ने भी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय ने जिले में तैनात पुलिस कर्मियों की संख्या की रिपोर्ट तलब की है। पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों से दो जनवरी तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस मुख्यालय में 31 दिसंबर तक जिले में उपलब्ध पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता के साथ शारीरिक रूप से अयोग्य, बीमार और विकलांग अधिकारियों और कर्मचारियों की नामवार सूची मांगी है। दिसंबर के बाद जनवरी, मार्च, अप्रैल 2017 में सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों का भी ब्योरा मांगा है। 31 दिसंबर तक निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ मथुरा, फैजाबाद, वाराणसी में मंदिरों और मसजिदों की सुरक्षा में अस्थायी रूप से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का भी नामवार ब्योरा मांगा गया है। मुख्यमंत्री, मंत्री और न्यायाधीशों की सुरक्षा में शासनादेश के तहत लगाए गए सुरक्षा कर्मी, न्यायालय के आदेश पर दिए गए गार्ड, शैडो और गनरों की भी सूची तैयार की जा रही है। प्रदेश में नक्सल प्रभावित थानों, गंभीर रूप से प्रभावित और सामान्य रूप से प्रभावित थानों की सूची मांग गई है।