मथुरा जिले के युवक ने पहले दिल्ली की युवती से फेसबुक पर दोस्ती की। फिर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर उसे वृंदावन और घर पर बुलाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती गर्भवती हो गई।
जब गर्भवती युवती ने शादी के लिए युवक से कहा तो वो टाल गया और गर्भ गिराने को दबाव बनाने लगा। युवती से मारपीट तक की गई। युवती ने युवक समेत तीन के खिलाफ थाना हाईवे में मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली की युवती से मथुरा के नवादा निवासी युवक ने फेसबुक पर दोस्ती कर ली थी।। बातचीत होती रही तो मिलना भी तय हो गया। युवक ने शादी करने का झांसा देकर कई बार युवती को वृंदावन और अपने घर तक बुला लिया।
23 मार्च और चार अगस्त 2018 के मध्य युवती कई बार मथुरा आई। युवती का आरोप है कि शादी का लालच देकर शारीरिक संबंध बनाए। बार-बार शादी के कहने पर युवक और उसके पिता-भाई ने मारपीट तक कर डाली। गर्भ न गिराने पर जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सरोज ने बताया कि युवती की तहरीर पर युवक विश्मेंदर, पिता रामेश्वर और भाई धर्मवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं युवती का मेडिकल कराया गया है।