आगरा कालेज आगरा में प्रवेश फार्म खरीदने के लिए दिल्ली से आई एक छात्रा के ऊपर कैंपस में एक छात्र ने टिप्पणी कर दी। यह टिप्पणी दरअसल छात्रा के पहनावे को लेकर की गई। छात्रा ने जैसे ही अपने ऊपर कमेंट सुना तो वह मर्दानी बन गई। इसके बाद उसने जो मनचले छात्र की हालत की तो फिर वह माफी ही मांगता नजर आया।
बता दें कि आगरा कालेज में इस समय स्नातक कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। इस पर दिल्ली की रहने वाली एक छात्रा प्रवेश के लिए फार्म खरीदने आई थी। छात्रा जैसे ही कालेज के मैन कैंपस में घुसी तो वहां कई लड़के मौजूद थे। सभी छात्रा को घूरने लगे। इनमें से एक ने उसके पहनावे को लेकर कमेंट कर दिया।
उस मनचले छात्र के शब्द जैसे ही छात्रा के कान में पड़े तो उसने तुरंत उस छात्र को पकड़ लिया और सबके सामने हंगामा शुरु कर दिया। देखते ही देखते कैंपस में हल्ला मच गया और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। यह देखकर छात्र गिड़गिड़ाने लगा। इसके बाद छात्रा उस छात्र को पकड़कर कालेज प्राचार्य के कक्ष में ले गई।
यहां प्राचार्य डा. एके गुप्ता ने पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद छात्र माफी मांगते हुए गिड़गिड़ाने लगा। इसके पर छात्रा की सहमति के बाद प्राचार्य ने छात्र को दोबारा और किसी के साथ ऐसा व्यवहार न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया। कालेज के मीडिया प्रभारी डा. अमित अग्रवाल ने बताया कि छात्र की टिप्पणी करने पर छात्रा भड़क गई थी, माफी के बाद उसे छोड़ दिया गया है।