एटा के जैथरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मायका पक्ष का आरोप है ससुरालीजनों ने उसकी हत्याकर शव छप्पर में लटका दिया। वहीं ससुराल पक्ष के लोग इसे आत्महत्या बता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया है कि एटा के थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव अमरौली निवासी सायरा बेगम पत्नी अलाउद्दीन ने अपनी बेटी आसमीन (28) की शादी आठ साल पहले जैथरा के अहमदपुर निवासी हसमुद्दीन के साथ की थी। आरोप है कि बुधवार को आसमीन की पति हसमुद्दीन, परवीन सहित छह लोगों ने उसकी हत्या कर दी और शव छप्पर में लटका दिया।
मायका पक्ष के लोगों का कहना है कि ससुरालीजनों ने ऐसा इसलिए किया जिससे यह आत्महत्या प्रतीत हो। ग्रामीणों की जानकारी पर पहुंची सायरा बेगम ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं सायरा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है।