थाना हरीपर्वत पुलिस के एक दरोगा ने छेड़छाड़ मामले में आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा मोहल्ले में पंचायत कराकर मामले में समझौता करा दिया। यही वजह है कि शोहदे के हौसले बुलंद हैं। 16 सितंबर को उसने किशोरी को खींचकर घर में ले जाने का प्रयास किया। अब घर से अगवा करने और तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ने की धमकी दे रहा है।
हरीपर्वत क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी से पड़ोसी युवक छेड़छाड़ करता है। पिछले दिनों किशोरी ने अपने घर पर बताया। विरोध करने पर उसने परिवारीजनों से गालीगलौज कर दी। 14 जुलाई को उसने अपने दोस्त के माध्यम से किशोरी के पास मोबाइल भेजकर अश्लील बातें भी कीं। किशोरी के पिता ने विजय नगर पुलिस चौकी पर शिकायत की। आरोप है कि एक दरोगा और दो सिपाही जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में ले लिया। इसके बाद मोहल्ले में पंचायत कराई। इसमें आरोपी, उसके पिता, ताऊ और जीजा आदि रिश्तेदारों ने गलती को स्वीकार किया। इसके बाद युवक ने सबके सामने कभी ऐसी हरकत नहीं करने की बात कही।
पुलिस ने उनका राजीनामा करा दिया। 16 सितंबर को किशोरी को युवक ने हाथ पकड़कर कमरे में खींचने का प्रयास किया। उसके शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी कि उसे अगवा कर ले जाएगा और तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ देगा।