गुरुद्वारा गुरु का ताल स्थित सिनर्जी प्लस हास्पिटल के बाहर खड़ी टाटा सफारी को स्विफ्ट कार में आए चोरों ने चुराने का प्रयास किया। कार मालिक के परिवार के लोगों ने एक चोर को पकड़ लिया, जबकि अन्य कार से भाग गए। पकड़े गए चोर की पिटाई लगाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
राजा का रामपुर, अलीगंज (एटा) निवासी निशांत कुमार का बेटा संस्कार सिनर्जी प्लस हास्पिटल में भर्ती है। निशांत के रिश्तेदार की टाटा सफारी हास्पिटल के बाहर पार्किंग में खड़ी थी। सोमवार रात तकरीबन नौ बजे स्विफ्ट कार हास्पिटल के पास खड़ी हो गई। एक युवक उसमें से उतरा। वह टाटा सफारी की चालक सीट की खिड़की का लॉक तोड़कर अंदर घुस गया। स्टेयरिंग लॉक भी तोड़ दिया और गाड़ी को स्टार्ट करने लगा।
निशांत के पिता सहदेव सिंह हास्पिटल की ऊपरी मंजिल पर खड़े थे। कार में युवक को देखकर उन्होंने शोर मचा दिया। परिवार के अन्य लोगों के साथ पार्किंग में आए। उन्होंने युवक को पकड़ लिया। युवक के पकड़े जाने पर उसके साथियों ने सहदेव पर कार से टक्कर मारी। उन्होंने शोर मचा दिया। इस पर अन्य लोग भी आ गए। ये देख कार सवार भाग गए। लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पकड़कर जमकर धुन डाला। सूचना पर आई पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।