डायल 100 के लिए थाना वार प्वाइंट के निर्धारण को फोटोग्राफी करने गए पुलिसकर्मियों पर इंद्रपुरी में हमला किया गया। उनकी पिटाई की गई। बाद में थाने की फोर्स के पहुंचने पर आरोपी भाग गए। न्यू आगरा थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में आरोपी राजे, टिूंचू और राजेश को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आठ नामजद और 15-20 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, बवाल और सात सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इंद्रपुरी निवासी राहुल थाना हरीपर्वत में कंप्यूटर आपरेटर है। इन दिनों डायल 100 की शुरुआत के लिए थाना वार प्वाइंट का निर्धारण किया जा रहा है। इसके लिए पुलिसकर्मी जगह-जगह फोटोग्राफी और प्वाइंट चिह्नित कर रहे हैं। सोमवार देर रात को राहुल न्यू आगरा थाने के कंप्यूटर आपरेटर नितिन के साथ इंद्रपुरी में पानी की टंकी के पास फोटोग्राफी कर रहे थे। तभी कुछ लोगों ने फोटो खींचने पर हंगामा कर दिया। राहुल और नितिन लोगों को समझाकर चले गए। कुछ देर बाद लोगों ने उनके घर इंद्रपुरी में आकर हंगामा किया। दोनों की पिटाई लगा दी। इससे वे घायल हो गए। घटना की जानकारी पर थाना न्यू आगरा पुलिस पहुंच गई।