मथुरा में मांट के गांव बिजौली में सोमवार की देर रात बाइक सवार सराफ और उसके दोस्त पर किसी ने तेजाब फेंक दिया। इस हमले में दोनों झुलस गए हैं। सराफ तगादा करने के लिए जा रहा था। हमले का आरोप सराफ के नौकर रहे दो युवकों पर लगा है। चर्चा यह भी है कि रुपयों के लेनदेन के मामले में यह साजिश रची गई।
बताया गया है कि मथुरा के थाना गोविंदनगर की जगन्नाथपुरी निवासी अमित अग्रवाल हाईवे क्षेत्र के रहने वाले अपने दोस्त अजय शर्मा के साथ सोमवार देर शाम बाइक से सुरीर में तगादा करने के लिए निकले थे। गांव बिजौली के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने अमित की बाइक रोककर तेजाब फेंका।
इससे अमित और अजय झुलस गए। सूचना पर पहुंची मांट पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अमित का आरोप है कि एसिड अटैक कृष्णा नगर मथुरा निवासी आशीष अरोड़ा और महाविद्या कालोनी निवासी मनीष चतुर्वेदी ने किया है। इन दोनों के खिलाफ थाना मांट में रिपोर्ट दर्ज कराई है।