कुरावली (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जली विवाहिता की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। मां ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए जलाकर मार डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं एफआईआर के बाद घटनास्थल की फोरेंसिक टीम ने भी जांच की।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला कौआटोला निवासी यतेंद्र राठौर की पत्नी दीपा सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। झुलसी दीपा को जिला अस्पताल से शाम को आगरा रेफर किया गया था। वहां रात करीब 10 बजे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की मां सीमा चौहान निवासी आगरा कैंट ने थाने में पति व ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व दीपा की शादी की थी। शादी के बाद से ही ससुराल के लोग पांच लाख रुपये और कार की मांगने लगे थे। इसके लिए दीपा को शारीरिक व मानसिक यातनाएं दी जाने लगीं।
आरोप है कि सोमवार की शाम पति यतेंद्र ने दीपा की पिटाई की। पीटने के बाद ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसके हाथ-पैर बांधे और मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। मंगलवार सुबह फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। थानाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी पति व ससुरालीजनों की तलाश की जा रही है।