आगरा। कैलाश मोड़ निवासी पवन चौधरी बुधवार रात को 8:30 बजे अपने साथी के साथ बाइक से बोदला की ओर जा रहा था। परिवारीजनों ने बताया कि कारगिल चौराहा के पास डस्टर कार में सवार केके नगर के किशन यादव ने हार्न बजाना शुरू कर दिया। इसको लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि किशन यादव और उसके साथियों ने पवन को कार में डाल लिया। इसके बाद उसे शास्त्रीपुरम के जंगल में ले गए, जहां उसकी पिटाई लगाई। पवन के साथी ने परिवारीजनों को सूचना दी। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर पवन की तलाश शुरू कर दी। बाद में पवन चौधरी शास्त्रीपुरम में 30 मिनट बाद मिल गया। पीड़ित के परिवारीजनों ने थाना सिकंदरा में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा ने बताया कि आरोपी किशन को पकड़ लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। मामले के पीछे एक युवती से दोस्ती को लेकर विवाद बताया जा रहा है।