मैनपुरी। कोतवाली के गांव नगला जुला में गुरुवार सुबह एक सब्जी विक्रेता का शव दुकान में लहूलुहान पड़ा मिला। उसकी ईंट से कुचलने के बाद गला रेतकर हत्या की गई थी। सूचना मिलने के बाद एएसपी पुलिसबल गांव पहुंच गए। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने महिला समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
गांव नगला जुला निवासी श्रीकृष्ण कहार (47) घर के पीछे राजेश की दुकान के बाहर सब्जी की दुकान लगाते थे। वह अविवाहित था। वह दुकान पर ही खाना खाने के बाद सो जाता था। बुधवार रात को गांव में चल रही रामलीला देखने के बाद वह दुकान पर ही सो गया था।
गुरुवार सुबह जब मां सुखदेवी चाय देने के लिए गई तो श्रीकृष्ण का लहूलुहान शव देखकर चीख निकल गई। चीख पुकार सुनकर परिवारीजन व ग्रामीण जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद एएसपी ओमप्रकाश सिंह पुलिसबल के गांव नगला जुला पहुंचे। मृतक के परिवारीजनों ने घटना के बारे में जानकारी ली।
मृतक के भाई राधाकृष्ण ने बताया कि बुधवार शाम को जब मां सुखदेवी खाना देने गई थी। राजेश और जगदीश बैठे हुए थे। आरोप लगाया कि राजेश, जगदीश, गोलू, छोटू, जगदीश की पत्नी और पूसा की विधवा ने ही हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिवारीजनों को सौंप दिया गया।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। एक महिला व एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।