मैनपुरी-घिरोर। थाना पुलिस ने मोहल्ला फर्रास से वाहन चोर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक पुराने वाहनों के पार्ट्स को बदलकर नई गाड़ी तैयार करने का काम करते हैं। उनके कब्जे से पुलिस को बाइक, पार्ट्स व कार के पार्ट्स आदि भी मिले।
थाना पुलिस ने बुधवार की सुबह मोहल्ला फर्रास में छापेमारी की। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। घर से पुलिस ने दो बाइक, बाइक के तीन इंजन, कई दो पहिया व चार पहिया वाहनों के टायर व अन्य पार्ट्स और कार का इंजन भी बरामद किया। वहीं, एक खुली हुई कार भी मौके से बरामद हुई।
सिलिंडर और वाहनों की डुप्लीकेट चाबियां भी पुलिस ने जब्त कर लीं। इस दौरान पकड़े गए वाहन चोरों ने अपने नाम अरबाज अंसारी, अकबर और किताब सिंह निवासी मोहल्ला फर्रास बताया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चोरी किए गए वाहनों के पार्ट्स बदल कर नई गाड़ी तैयार कर देते हैं। वहीं पार्ट्स भी बेचने का काम करते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को जल भेजा जाएगा। पकड़े गए वाहन चोरों ने कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस उस पर जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सीओ कुरावली भी मौजूद रहे।