मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के नया नगला में ससुरालीजनों ने युवक को गाड़ी में डालकर अगवा करने की कोशिश की। शोर सुनकर लोग दौड़े, तो अपहर्ता उसे छोड़कर भाग निकले। थाने जाने पर पहुंचा तो पहले तो पुलिस ने तहरीर लेने से इंकार करते हुए मामले को रफा दफा करने की कोशिश की।
कोतवाली क्षेत्र के नगला नया निवासी तरुण पत्नी के साथ अलग मकान में किराए पर रहता है। अक्सर पत्नी मायके चली जाती है। रविवार को पत्नी मायके जाने लगी तो तरुण ने विरोध किया। पर, पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी। आरोप है कि रात में ससुर, साले और चार-पांच अज्ञात लोग उसके घर आए।
इन लोगों ने मारपीट कर तरुण को जबरदस्ती गाड़ी में डालकर अगवा करने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तो ये लोग तरुण को छोड़ कर भाग गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। तरुण के पिता भगवान सिंह ने थाने में तहरीर दी।
आरोप है कि पहले तो पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की। बाद में तहरीर ले ली। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।