मैनपुरी। कानपुर में सुनार को गोली मारकर लूट के आरोपी की तलाश में कानपुर पुलिस ने गुरुवार की रात मैनपुरी में दबिश दी। इस दौरान कई स्थानों पर छापेमारी की गई। आरोपी के नहीं मिलने पर परिचितों और रिश्तेदारों को हिदायत देकर पुलिस खाली हाथ लौट गई।
कानपुर में जुलाई माह में सुनार प्रभाकर वर्मा को गोली मारकर बाइक सवार तीन बदमाशोें ने 3.70 लाख रुपये लूट लिए थे। घायल सुनार के पुत्र प्रदीप ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच के दौरान आगरा के रहने वाले दो बदमाशों को पकड़ा। उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक तथा लूट के 1.25 लाख रुपये भी बरामद हुए।
दबोचे गए बदमाशों ने लूट में फरार आरोपी की भी पुलिस को जानकारी दी। उसी फरार बदमाश की तलाश में गुरुवार की रात कानपुर पुलिस के एसआई केपी सिंह, आरएन सिंह मैनपुरी पहुंचे। पुलिस अपने साथ हत्थे चढ़े एक बदमाश को भी लेकर आई थी।
पुलिस ने लूट में शामिल सुनील यादव उर्फ पप्पू की तलाश में आगरा रोड, ज्योंती रोड, यादव नगर में दबिश दी। इस दौरान कानपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस को सूचना तक नहीं दी। साथ लाए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस रातभर फरार बदमाश की तलाश में थाना औंछा तथा बिछवां क्षेत्र में भी दबिश दी। पर कोई सुराग नहीं मिला।