मकान की दीवार गिरने से बालक की मौत होने पर बिलखते परिवार वाले।
मैनपुरी। कुसमरा मंडी स्थित एक झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद शनिवार को एक वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध के परिवारीजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए झोलाछाप की दुकान पर हंगामा काटा। बाद में थाने में तहरीर दिए बिना ही वह शव गांव ले गए।
थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम नंदपुरा निवासी राधेश्याम (60) को शनिवार दोपहर 12 बजे अचानक सीने में दर्द उठा। परिवारीजन उन्हें उपचार के लिए कुसमरा मंडी स्थित एक झोलाछाप के यहां लाए। यहां झोलाछाप ने उन्हें दो इंजेक्शन लगाए और कहा घर ले जाओ। उनका बेटा शैलेस उन्हें गांव वापस ले जा रहा था तभी करीब आधे किलोमीटर चलने के बाद राधेश्याम ने दम तोड़ दिया। इस पर परिवारीजनों ने झोलाछाप के क्लीनिक पर हंगामा काटा। बाद में वह शव को गांव ले गए।
मृतक राधेश्याम के पुत्र शैलेस ने बताया कि झोलाछाप के इंजेक्शन से उनके पिता की मृत्यु हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस झोलाछाप के गलत दवा देेने के पहले भी एक बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता है। सीएमओ डा. शरद वर्मा ने कहा कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है और न ही उन्हें इस मामले की कोई जानकारी है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।