पंजाबी कालोनी, शिकोहाबाद निवासी रद्दी व्यापारी मोहित गुप्ता मुजफ्फरनगर से बस से गुरुवार तड़के चार बजे रामबाग आए। उनके पास व्यापार के तीन लाख रुपये रखे थे। रामबाग पुल के नीचे खड़ी ऑल्टो के चालक ने मोहित को शिकोहाबाद जाने के लिए बैठा लिया। कार में तीन लोग और सवार थे। ट्रांस यमुना कालोनी के पास कार सवार एक व्यक्ति ने कहा कि गाड़ी सरकारी कोरियर खजाने की है। अगर, तुम्हारे पास कोई हथियार और रुपये हैं तो बता दो। चेकिंग में पैसा जब्त किया जा सकता है। इस पर मोहित ने तीन लाख रुपये कार सवारों को पीले लिफाफे में दे दिए। कार सवारों ने कुछ देर बाद लिफाफे को पंच कर लौटा दिया। कुबेरपुर पुल के पास बदमाशों ने व्यापारी से कहा कि आगे चेकिंग हो रही है। तुम पैदल पुल पार करके मिल जाना। उसे उतारने के बाद बदमाश गाड़ी लेकर भाग निकले। व्यापारी ने लिफाफा चेक किया तो उसमें रद्दी रखी मिली। घटना की पुलिस को सूचना दी। इस मामले में थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि इससे पहले रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर उन्हें छलेसर पुलिस चौकी, एत्माद्दौला और एत्मादपुर थाने के चक्कर काटने पड़े। सभी ने मामला एक दूसरे के क्षेत्र का बताया। अधिकारियों के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
वारदात : 2
प्रकाश नगर, नुनिहाई निवासी पशु व्यापारी योगेंद्र सिंह इटावा की पशुपुरा पैंठ से भैंस लेने के लिए जा रह थे। गुरुवार सुबह सात बजे वह रामबाग चौराहे पर पहुंचे। वहां से वह सफेद रंग की बोलेरो में सवार हो गए। उसमें चार लोग सवार थे। झरना नाला के पास पहुंचते ही चालक ने बोलेरो पंचर होने की बात कहकर व्यापारी को उतार दिया। इसके बाद गाड़ी लेकर चला गया। पशु व्यापारी ने अपनी पेंट और जैकेट की जेब देखी तो कटी हुई थी। 53 हजार रुपये गायब थे। इस बार भी पशु व्यापारी छलेसर चौकी पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। उसे एत्माद्दौला थाना भेज दिया। उधर वहां की पुलिस ने एत्मादपुर क्षेत्र की घटना बताते हुए उसे वहां भेज दिया। बाद में मामले की जानकारी सीओ श्लोक कुमार को हुई। उनके आदेश पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया।
वारदात-दर-वारदात
- 20 जनवरी 2016 को पेट्रोल पंप व्यवसायी अनेक सिंह की नौ लाख रुपये लूटकर हत्या।
- 14 जून 2016 को फिरोजाबाद निवासी चूड़ी व्यापारी प्रमोद अग्रवाल से 46 लाख लूटे।
- 25 नवंबर 2016 को गांव अगवार में शिक्षिका शोभा शर्मा से 25 हजार व मोबाइल लूटे।
- 21 फरवरी 2017 को फिरोजाबाद निवासी रोशनी से जेवर, नगदी और मोबाइल लूटा।
- 20 फरवरी 2017 को हाईवे पर महिला से जेवरात लूटे।
- पांच मार्च को यमुना एक्सप्रेस वे पर मैनपुरी के संजीव की कार, मोबाइल और नगदी लूट कर हत्या।