बेवर। गुड़गांव से बच्चे का मुंडन कराए आए युवक से कुछ लोगों ने गुंडा टैक्स में एक लाख रुपये की मांग की। नहीं देने पर उसकी कार को लूट ले गए। कार में करीब 50 हजार की नकदी व अन्य जरूरी कागजात रखे थे। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना के गांव परोंखा निवासी शिवप्रताप सिंह वर्तमान में गुड़गांव (गुरुग्राम) में रह रहा है। 25 मार्च को वह फर्रुखाबाद गंगाजी पर बच्चे का मुंडन कराने परिवार समेत गए हुए थे। इसके बाद 27 मार्च की सुबह जब वह कार से वापस गुड़गांव जा रहे थे। तभी रास्ते में गांव शिवालय बरा के पास स्कार्पियो सवार लोगों ने गाड़ी को रुकवा लिया।
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने शिवप्रताप से कहा कि गुड़गांव में बहुत रुपया कमाया है। हमें गुंडा टैक्स एक लाख रुपया चाहिए। जब शिव प्रताप ने रुपया देने में असमर्थता जाहिर की तो नामजदों ने उसकी गाड़ी लूट ले गए। इसमें 50 हजार की नकदी व अन्य कागजात रखे थे। पुलिस ने नामजद बंटू चौहान, अजय चौहान, गोरे चौहान निवासी गांव जगतपुर, राजन चौहान निवासी जासमई तीन अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित के मुताबिक परिवार को जान का खतरा है। नामजद अपराधी किस्म के हैं, साथ ही कई मामलों में वांछित चल रहे हैं।