मैनपुरी। निलंबित चल रहे एक प्रधानाचार्य ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी की धाराओं में मुकद्मा पंजीकृत कराया है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजा का बाग गली नंबर छह निवासी सुरेश चंद्र यादव महाकवि देव इंटर कालेज के प्रधानाचार्य पद से निलंबित चल रहे हैं। कुछ दिनों पूर्व उन्हाेंने केयरटेकर प्रधानाचार्य व कुछ कर्मचारियों के विरुद्ध प्रबंधक के फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी करने की शिकायत थाने में की थी। आरोप है कि पुलिस ने उस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उन्हाेंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था।
न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा गया कि महाकवि देव इंटर कुसमरा में वर्तमान में जो केयरटेकर प्रधानाचार्य जुगराज सिंह यादव हैं। वह प्रबंधक विवेक यादव निवासी फ्रेंडस कालोनी इटावा के फर्जी हस्ताक्षर कर विद्यालय में पदोन्नति, सेवानिवृत्ति, कर्मचारियों के वेतन आदि के कार्य में प्रयोग कर रहे हैं।
जबकि प्रबंधक वर्तमान में कानपुर जेल में बंद हैं। इसमें कुछ कर्मचारी भी उनका साथ दे रहे हैं। केयरटेकर प्रधानाचार्य अनुचित लाभ लेने के साथ ही उन्हें नुकसान पहुंचा रहे हैं। उक्त प्रार्थना-पत्र पर न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।