मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन करती हुई, पूनम का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में शमसाबाद क्षेत्र के बड़ा गांव की रहने वाली युवती पूनम (19) पुत्री ईश्वर लाल की सोमवार की सुबह गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गुलबापुरा रोड पर डिग्री कॉलेज के पीछे गेहूं के खेत में फेंका गया था। घरवालों के मुताबिक युवती सुबह करीब तीन बजे शौच के लिए घर से निकली थी। परिवार के लोग भी हत्या की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। सूचना पर पहुंची एसपीआरए, सीओ और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम जांच में जुटी है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के बड़ा गांव निवासी ईश्वर लाल मजदूर है। उसने बताया कि सोमवार सुबह करीब तीन बजे उसकी बेटी पूनम शौच के लिए घर से निकली थी। देर तक उसके घर नहीं लौटने पर खोजबीन की गई। तब जानकारी हुई कि गुलबापुरा रोड पर गेहूं के खेत में एक युवती का शव पड़ा है। वहां जाने पर शव पूनम का निकला।
ये भी पढ़ें- प्रीति हत्याकांड: सनसनीखेज हत्या की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सभी को चौंकाया, सीने में फंसी मिली दूसरी गोली
किसी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी थी। युवती का सैंडल शव से करीब बीस मीटर दूर पड़ा था। हत्या की सूचना पर एसपीआरए पूर्वी अशोक वेंकटेश, सीओ और विज्ञान विधि प्रयोगशाला की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार के लोग भी हत्या की कोई वजह नहीं बता पा रहे हैं। थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई है। हत्या की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चलेगी।