कुरावली (मैनपुरी)। मंगलवार की शाम हरियाणा की पुलिस ने लूट के माल की बरामदगी के लिए एक सराफ की दुकान पर छापेमारी की। पुलिस ने स्वर्णकार के पुत्र को पकड़कर थाना में खड़ी कार में बैठा लिया। बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद होने पर सराफा व्यवसायियों में खलबली मच गई। देर शाम हरियाणा पुलिस ने सराफ पुत्र को छोड़ दिया और लौट गई।
हरियाणा प्रांत के जिला गुरुग्राम के थाना राजेंद्र पार्क में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में हरियाणा पुलिस ने कुरावली क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा गांव में छापा मारा। इसके बाद वहां के निवासी जितेंद्र कठेरिया को पकड़ लिया।
लूट के माल की हुई बिक्री की जानकारी पर मंगलवार की शाम हरियाणा के एसआई मुन्नीलाल पुलिसबल के साथ आरोपी जितेंद्र को लेकर कस्बा पहुंचे। उसकी निशानदेही पर सदर बाजार में एक स्वर्णकार के पुत्र को पकड़ लिया। हरियाणा पुलिस ने थाना कोतवाली में खड़ी कार में स्वर्णकार के पुत्र को लाकर बैठा दिया।
बताया जाता है कि स्वर्णकार के पुत्र ने बड़ी मात्रा में स्वर्ण आभूषण बरामद कराए हैं। इसी बीच कसबा के कुछ लोगों और हरियाणा पुलिस की लंबी वार्ता चली। इसके बाद हरियाणा पुलिस स्वर्णकार के पुत्र को छोड़कर चली गई।
पहले भी पकड़ा जा चुका है सराफा पुत्र
लगभग तीन साल पहले सराफा के पुत्र को थाना भोगांव की पुलिस ने कसबा में पकड़ा था और पुलिस भोगांव ले गई थी। इसके बाद भोगांव पुलिस ने समझौते के बाद सराफा पुत्र को छोड़ दिया था।