मैनपुरी। पुलिस लाइन में रविवार को एक ओर आईजी आगरा जोन मातहतों को वारदात रोकने की नसीहत दे रहे थे। वहीं, दूसरी ओर चोर बाइकें चोरी कर रहे थे। चोरों ने रविवार को चार बाइकें चुरा ली। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
पुलिस लाइन में आईजी आगरा जोन रविवार को अपराध समीक्षा बैठक के लिए आए थे।
वह समीक्षा बैठक के दौरान थानाध्यक्षों को अपराध की रोकथाम और वारदातों में कमी लाने को लेकर निर्देशित कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर बाइक चोर अपना काम तेजी के साथ कर रहे थे। रविवार को अलग अलग स्थानों से कुल चार बाइकें चोरी के मामले कोतवाली में दर्ज कराए गए हैं।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला आंध्रा निवासी दिलीप कुमार रविवार को रेलवे स्टेशन किसी काम से आए थे। बाइक को खड़ी कर वह स्टेशन के अंदर चले गए। लौटकर आए तो बाइक चोरी हो गई थी।
वहीं, नगर पालिका में तैनात एक कर्मचारी रविवार को मोहल्ला राजा का बाग गली नंबर चार में जल कर की वसूली करने गए थे। तभी वहां से उनकी बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
उधर, कोतवाली क्षेत्र के बालाजीपुरम निवासी प्रभाकर चतुर्वेदी जिला महिला अस्पताल गए थे। जब वह दवा लेकर अस्पताल से बाहर निकले तो बाइक चोरी हो चुकी थी।
वहीं, कोतवाली क्षेत्र के सर्राफा बाजार स्थित बाटा वाली गली निवासी संजीव कुमार रविवार को भीमसेन मंदिर पूजा करने गए थे। पूजा करने के बाद जब वह बाहर निकले तो बाइक वहां पर नहीं थी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।