वृंदावन (मथुरा)। आगरा दिल्ली रेलवे लाइन पर गांव छटीकरा के पास वृंदावन के एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवार के लोग इसे हत्या, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है।
वृंदावन के गुरुकुल विश्व विद्यालय स्थित रामानुज नगर कालोनी निवासी रामबदन मिश्रा का 17 वर्षीय पुत्र शिवम मिश्रा पीएमवी पालीटैक्निक कालेज में इलैक्ट्रीकल ट्रेड का प्रथम वर्ष का छात्र था। हर दिन की तरह मंगलवार की सुबह शिवम घर से कालेज जाने की कहकर गया, लेकिन शाम तक नहीं लौटा।
इधर छटीकरा पर दिल्ली आगरा रेलवे लाइन के बगल में शिवम का शव मिलने की सूचना किसी ग्रामीण ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिवम के पिता को इस घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता राम बदन मिश्रा ने इसे हत्या बताया कहा कि उनके बेटे की हत्या की गई है।
शिवम का एक पैर टूटा हुआ था, शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं था। इधर कोतवाली प्रभारी रामपाल सिंह भाटी ने कहा कि शिवम ने आत्महत्या की है। ट्रेन के चालक ने मेमो में बताया है कि शिवम ट्रेन के सामने खड़ा हो गया, हमने ब्रेक लगाने का प्रयास किया परंतु तब तक देर हो चुकी थी।