मैनपुरी-करहल। नगला सेवारामपुर के पास रविवार की सुबह एक जेसीबी चालक का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों की ओर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई। वहीं थाने में दी गई तहरीर में इसे एक हादसा बताया गया है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव हविलिया निवासी रामनिवास का 20 वर्षीय पुत्र अंकज जेसीबी चालक था। शनिवार की रात वह थाना करहल क्षेत्र के नगला सेवारामपुर के पास जेसीबी से मिट्टी की खुदाई का काम कर रहा था। कई वाहन मिट्टी को ढोने का काम कर रहे थे। रविवार की सुबह करीब सात बजे अंकज का शव खुदाई किए जा रहे स्थान से कुछ दूर पड़ा मिला। शव बुरी तरह कुचला हुआ था। परिजनों ने अंकज की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने बताया कि अगर हादसा होता तो सिर और कमर का हिस्सा ही चपेट में कैसे आया। उन्हें हत्या किए जाने की आशंका लग रही है। वहीं थानाध्यक्ष करहल आशीष कुमार का कहना है कि अंकज की मौत एक हादसा है, डंफर से कुचलकर उसकी मौत हुई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।