मैनपुरी-बेवर। बताशा कारीगर को गोली मारने के मामले में दूसरे दिन भी कोई तहरीर नहीं दी गई है। घायल कारीगर का उपचार सैफई में चल रहा है। सोमवार को दुकान पर काम करते समय दो लोगों ने उसे गोली मार दी थी। जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज निवासी राजेश कुमार करीब एक माह पूर्व पुराना बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता की छिबरामऊ मार्ग स्थित बताशा की दुकान पर काम करने लगा था।
सोमवार की सुबह करीब आठ बजे जब राजेश काम कर रहा था तभी वहां आए दो युवकों ने उससे कह कि उनकी दुकान छोड़कर वह दूसरी दुकान पर काम कर रहा है। वह लोग उसे बेवर क्षेत्र में नहीं रहने देंगे। धमकी देने के साथ ही एक युवक ने तमंचा निकाल कर कारीगर को गोली मार दी थी। गंभीर हालत में कारीगर को उपचार के लिए अस्पतातल में भर्ती कराया गया। वहां से सैफई रेफर कर दिया गया था।
कुछ लोगों ने गोली मारने वाले लोगों को पहचान भी लिया था, लेकिन घटना के दूसरे दिन भी अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है। कारीगर का उपचार सैफई में चल रहा है। थाना प्रभारी श्याम सिंह पीलवाल का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।