फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल बुधवार को जसराना में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन के मामले में न्यायालय मे पेश हुए। इस दौरान कोर्ट में शोक अवकाश हो जाने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। अगली सुनवाई 29 अगस्त को होगी।
लोकसभा चुनाव 2014 के दौरान वर्तमान लघु सिंचाई एवं पशुधन मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे। इस दौरान जसराना एवं शिकोहाबाद क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए जुलूस निकाले जाने की अनुमति न लेने का आरोप लगाते हुए आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने का अभियोग दर्ज कराया था।
इस मामले की सुनवाई एसीजेएम प्रथम शिकोहाबाद अरविंद कुमार के न्यायालय में सुनवाई चल रही है। बुधवार को ही न्यायालय में तारीख होने के कारण प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल जनपद न्यायालय पहुंचे।
अधिवक्ता राजेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बघेल एसीजेएम प्रथम के न्यायालय में तारीख होने के कारण उपस्थित हुए थे। लेकिन शोक अवकाश होने के कारण मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। अगली सुनवाई की तिथि 29 अगस्त को होगी।