किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में शनिवार शाम थाना कुर्रा क्षेत्र निवासी पिता पुत्री से पल्सर सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जेवर व नकदी लूट ली। मोहकमपुर पुलिया के समीप हुई इस घटना के बाद पुलिस कार्रवाई करना तो दूर घटना की जानकारी से भी इंकार कर रही है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव ओना पतारा निवासी आदेश कुमार शनिवार कोे पुत्री आरती को ननिहाल कमालगंज से लेकर घर वापस लौट रहे थे। बाइक जब थाना क्षेत्र में मोहकमपुर पुलिया के समीप पहुंची। तभी पीछे से आए काली पल्सर पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया।
तमंचा लगाकर आरती के पहने हुए जेवर व नकदी लूट कर भाग गए। शोर मचाने पर भी पुलिया पर तैनात दो पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। करीब एक किलो मीटर का सफर तय करने के बाद जब वह यूपी 100 की गाड़ी के समीप पहुंचे, तो वहां पुलिसकर्मी एक ठेल पर खडे़ हुए थे।
घटना की जानकारी देने पर उनका लापरवाह रवैया देखकर पीड़िता पिता पुत्री थाने पहुंच गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। वहीं जब थानाध्यक्ष से जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि ऐसी किसी भी घटना के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।