कुरावली (मैनपुरी)। निकाय चुनाव से एक दिन पूर्व ही थाना पुलिस ने एक ट्रक में लदी गैर प्रांत की करीब 1000 पेटी शराब बरामद की है। माना जा रहा है कि यह शराब चुनाव को प्रभावित करने के लिए लाई गई थी।
पुलिस ने दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। जबकि दो लोग चकमा देकर भाग गए। आबकारी विभाग ने बरामद शराब की कीमत तकरीबन 24 लाख रुपये आंकी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चुनाव में वोट बैंक बढ़ाने के लिए शराब को बांटे जाने का काम चोरी छिपे चलता है। इसी नीयत से निकाय चुनाव में भी गैर प्रांत की शराब को तस्करी करके लाई गई है। कुरावली में गैर प्रांत से तस्करी कर 10 चक्का ट्रक में लादकर लाई गई थी
सूचना पर शनिवार की सुबह करीब 5.30 बजे इंस्पेक्टर रोहिताश कुमार, एसएसआई सतेंद्रपाल सिंह ने सिपाहियों के साथ जीटीरोड से नगला ऊसर जाने वाले मार्ग पर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस को देखकर ट्रक में सवार लोग भागने लगे। सिपाहियों ने दौड़ा कर दो युवकों को पकड़ लिया। जबकि दो लोग भाग गए।
पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों ने अपने नाम मोहन पुत्र नेम सिंह निवासी गांव हरचंद्रपुर मलावन, प्रवेश पुत्र गंगा सिंह निवासी कैलाशगंज कोतवाली एटा बताए। भागे हुए साथियों के नाम जर्मन पुत्र सतेंद्र निवासी गांव अंजनी थाना बिछवां, उपेंद्र निवासी गांव बलरामपुर कुरावली बताया।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें 1000 पेटी शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है। पकडे़ गए युवकों ने बताया कि उक्त शराब निकाय चुनाव में बांटने के लिए प्रत्याशियों द्वारा आर्डर पर मंगवाई गई थी।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए शराब लाई गई थी। जिसे पुलिस ने खपाने से पूर्व ही पकड़ लिया है।