कासगंज। अमांपुर कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में युवक के द्वारा की गई आत्महत्या की कोशिश के मामले में दर्ज की गई प्राथमिकी एवं किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में दर्ज की गई प्राथमिकी की जांच अब जिले की क्राइम ब्रांच टीम करेगी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने यह दोनों ही विवेचनाएं क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी हैं। उन्होंने क्राइम ब्रांच को निष्पक्ष विवेचना के निर्देश दिए हैं।अमांपुर कोतवाली में दो फरवरी को किशोरी के पिता के द्वारा बहला फुसलाकर ले जाने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। दो दिन बाद किशोरी की बरामदगी होने पर किशोरी के बयानों में युवक गौरव का नाम प्रकाश में आया। पहले इस मामले की विवेचना अमांपुर थाने के उपनिरीक्षक गया प्रसाद कर रहे थे, लेकिन एसपी ने गया प्रसाद को लापरवाह मानते हुए उन्हें निलंबित कर दिया था। इस मामले की विवेचना अब क्राइम ब्रांच करेगी। वहीं थाने में पुलिस अभिरक्षा में थाने में फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में युवक पिता ने किशोरी के पिता व उसके एक रिश्तेदार सहित अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस मामले की विवेचना भी क्राइम ब्रांच करेगी। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मामले की की निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। इसके लिए दोनों विवेचनाएं क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर की गई है। अब क्राइम ब्रांच के द्वारा दोनों मामले की विवेचना की जाएगी।