मैनपुरी। दिवाली पर आतिशबाजी चलाने की लोगों में होड़ रही। आतिशबाजी में जमीन पर आग लगाई तो आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी होती रही। दिवाली की रात को जिले भर में 22 करोड़ के पटाखे धुआं हो गए। देर शाम तक आतिशबाजी खरीदने के लिए युवा दुकानों पर पहुंचते रहे।
दीपोत्सव पर्व पर दिवाली केे दिन आतिशबाजी चलाने की परंपरा है। बच्चे और युवा आतिशबाजी की जमकर खरीदारी करते हैं। इस बार दिवाली पर जिले में 600 आतिशबाजी की दुकानें लगाई गईं। दिवाली के एक दिन पहले लगी दुकानों पर युवा और बच्चे देर शाम तक आतिशबाजी की खरीदारी करते रहे।
आतिशबाजी बेचने वाले दुकानदार राकेश वर्मा, सुनील गुप्ता, प्रदीप शर्मा की मानें तो इस बार अतिशबाजी की अच्छी बिक्री हुई। कोरोना काल का सामना करने के बाद लोगों ने दिवाली का पर्व धूमधाम से मनाया। एक दिन पहले से आतिशबाजी की शुरू हुई खरीदारी दिवाली के दिन देर शाम तक चलती रही। उनको अनुमान है कि जिले भर में 22 करोड़ से अधिक की आतिशबाजी की बिक्री हुई है।