कासगंज। जिले में विद्युत चोरी रोकने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। शहर में अब तक 759 उपभोक्ताओं के मीटर बदलने का काम निगम ने पूरा कर लिया है। मीटर लगाने के दौरान क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार बिजली की कटौती भी की जा रही है। जिले में बिजली की चोरी करने वालों के खिलाफ एक जनवरी से अब तक 1493 मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में 2.23 लाख बिजली के उपभोक्ता है। इनके यहां अब तक सामान्य मीटर लगे हुए हैं। इनमें तमाम उपभोक्ता बिजली चोरी करते हैं। बिजली की चोरी रोकने के लिए निगम अब सभी उपभोक्ताओं के घरों-प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लगाएगा। पहले चरण में कासगंज व गंजडुंडवारा शहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगने हैं। कासगंज क्षेत्र में 21 हजार उपभोक्ताओं यहां ,स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। 12 टीमों के माध्यम से इन मीटरों का लगाया जा रहा है। गोशाला व लक्ष्मीगंज फीडर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। इन क्षेत्रों के 759 घरेलू, व्यावसायिक आदि उपभोक्ताओं के मीटर लगाए जा चुके हैं। कासगंज में काम पूरा हो जाने के बाद गंजडुंडवारा के 10 हजार उपभोक्ताओं के मीटर बदले जाएंगे। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में मीटर बदलने का काम होगा।