कोरोना वायरस से बचाव में जुटी टीम के लिए एन-95 मास्क, पर्सनल प्रोटेक्टिव किट और सैनिटाइजर की किल्लत हो रही है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए किट और मास्क की और ज्यादा जरूरत है।
कोरोना वायरस के इलाज में लगे स्टाफ के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में रोजाना 50-60 पर्सनल प्रोटेक्टिव किट और 70-80 एन-95 मास्क की जरूरत है। ऐसे में अभी कॉलेज के पास लगभग 100 पीपीई किट और 70-80 एन-95 मास्क का ही स्टाक है। ऐसे में मरीज बढ़ने पर इनकी कमी खलेगी। प्राचार्य डॉ. जीके अनेजा का कहना है कि मास्क और पीपीई किट का पूरा इंतजाम है, और भी मंगवाई जा रही हैं।
खंदारी-लाजपत कुंज के लोगों की सेहत का जाना हाल
खंदारी क्षेत्र में कोरोना वायरस के संक्रमित मरीज मिलने के बाद छह किमी क्षेत्र का सर्वे पूरा हो गया। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खंदारी और लाजपत कुंज क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे किया।
टीम ने लोगों से तेज बुखार आना, सर्दी-जुकाम और सिर में दर्द रहने के बारे में जानकारी ली। 12 मार्च से किसी ने विदेश यात्रा तो नहीं की, इसकी भी जानकारी की। स्वास्थ्य सर्वे के नोडल ऑफिसर डॉ. संजीव बर्मन नेे बताया कि छह टीमों ने 890 घरों का सर्वे किया है। लोगों से घरों में रहने की अपील भी की है।