ताजनगरी में बुधवार को 96 मरीज ठीक हुए हैं वहीं 26 नए मरीज और मिले हैं। अब कुल मरीजों का आंकड़ा 9,710 पहुंच गया है। जनपद में 168 मरीजों की मौत हो चुकी है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि पिछले 48 घंटे में अचानक नए केस में कमी आई है। किसी मरीज की मृत्यु नहीं हुई।
अब तक कुल 168 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। जनपद में 3.77 लाख से ज्यादा लोगों की जांच की गई है। बुधवार को 26 नए मरीज मिलने के साथ कुल 9,710 मरीज हो गए हैं। 96 नए मरीजों समेत कुल 9,111 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं 431 मरीज उपचाराधीन हैं।
ब्रिज द्वारिका में एक ही परिवार के तीन सदस्य मिले पॉजिटिव
बुधवार को कोरोना वायरस के 26 नए मरीज मिले हैं, इसमें दो चिकित्सक और लेडी लॉयल का कर्मचारी शामिल है। दहतोरा की ब्रिज द्वारिका में एक ही परिवार के तीन, जयराम बाग दयालबाग और नॉर्थ विजय नगर कॉलोनी में एक ही परिवार के दो सदस्य संक्रमित मिले हैं। पुष्पांजलि अपार्टमेंट, धनौली, संजय होटल, कोटली बगीची, एलोरा इन्क्लेव दयालबाग, विश्वकर्मा पुरी, पथवारी, छह पैरा, बाग मुजफ्फर खां, मेवाली, प्रोफेसर कॉलोनी कमला नगर, सेवला सराय, ईश्वर नगर, लोहामंडी, विप्रावली, मंगलम इस्टेट दयालबाग, बरौली अहीर, मानस नगर, आवास विकास कॉलोनी और बालाजी नगर रामनगर में भी कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं।
38 हजार लोगों की स्क्रीनिंग में 33 संदिग्ध मिले
स्वास्थ्य विभाग की 111 टीमों ने दयालबाग, कमला नगर, आवास विकास कॉलोनी, ताजगंज, शाहगंज, ट्रांसयमुना कॉलोनी, शास्त्रीनगर और शमसाबाद रोड के 7803 घरों के 37919 लोगों की स्क्रीनिंग की। इनके शरीर का तापमान मापा, रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा भी मापी। बुखार, खांसी, जुकाम और सांस लेने में परेशानी के बारे में पूछा तो इसमें 33 लोग संदिग्ध मिले। इनको क्वारंटीन होने की सलाह देकर कोरोना जांच के लिए नमूना लिया। स्वास्थ्य सर्वे प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि सभी को मल्टी विटामिन और विटामिन सी दवाएं भी दी गई हैं।