मैनपुरी। पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने वाले बंदियों की ट्रैवल हिस्ट्री पता करें। उनको 15 दिन के लिए आइसोलेशन वार्ड में जरूर रखा जाए। यह बातें शुक्रवार को जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने कहीं। शुक्रवार को कैंप कार्यालय सेशन हाउस में हुई अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में जिला जज ने जेल में बंदियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जेल में बंदियों के बीच सतर्कता जरूरी है। कोरोना संक्रमण से बंदियों के बचाव के लिए उनके बीच सामाजिक दूरी का पालन कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग उनकी नियमित रूप से जांच कराए। जेल भेजने से पहले उनकी कोरोना संक्रमण की प्रारंभिक जांच जरूर कराई जाए। जेल अधिकारी बंदियों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करें। बैठक में सीजेएम अमित मिश्रा, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ. एके पांडेय, जेल अधीक्षक हरीओम शर्मा मौजूद रहे। संवाद