भोगांव। जिला सहकारी बैंक की भोगांव शाखा में कैश जमा करने में लापरवाही बरतने पर शाखा प्रबंधक और कैशियर को निलंबित कर दिया गया है। पूरा मामला भूमि विकास बैंक (एलडीबी) द्वारा जमा किए जाने वाले रुपयों का है। शाखा प्रबंधक ने कार्रवाई को अपने खिलाफ साजिश बताया है।
भूमि विकास बैंक भोगांव का रुपया सहकारी बैंक भोगांव में जमा किया जाता है। भूमि विकास बैंक के कैशियर द्वारा दो जुलाई, सात जुलाई और 15 जुलाई को कुल 6.32 लाख रुपये सहकारी बैंक भोगांव में जमा किया। यहां से कैशियर हरिश्चंद्र गौतम ने जमा की रसीद भी दे दी, लेकिन ऑनलाइन कैश को दर्ज नहीं किया। लगभग एक सप्ताह बाद जब कैश मिलान में कैश बढ़ा तो शाखा प्रबंधक अंचल कुमार तिवारी को पूरे मामले की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल जिला सहकारी बैंक मैनपुरी के अधिकारियों को जानकारी दी। बैंक अधिकारी भी मामले की जानकारी होने पर स्थानीय शाखा पर पहुंच गए और और उसी दिन कैश को कंप्यूटर मे फीड कर दिया गया। जांच में कैशियर ने लापरवाही की बात स्वीकार भी की। इसके बाद जिला सहकारी बैंक द्वारा शाखा प्रबंधक अंचल कुमार तिवारी और कैशियर हरिश्चंद्र गौतम को निलंबित कर दिया गया है। बैंक के संचालन के लिए किशनी के शाखा प्रबंधक राजेश कुमार को भेजा गया है।
एक शाखा प्रबंधक को बचाने की है चर्चा
15 जुलाई को एलडीबी से जमा कैश को कैशियर ने दर्ज नहीं किया था। उस दौरान शाखा प्रबंधक अंचल तिवारी अवकाश पर थे। उनके स्थान पर शाखा प्रबंधक शिवप्रताप को भेजा गया।
शाखा प्रबंधक बोले उन्होंने पकड़ा था मामला
शाखा प्रबंधक अंचल कुमार तिवारी का कहना है कि खाते में कैश जमा न किए जाने का मामला उन्होंने पकड़ा था। उनके द्वारा ही उच्चाधिकारियों को जानकारी भी दी गई। इसके बाद कैशियर ने भी लिखित बयान में ये बात स्वीकार की कि उसने ही धनराशि जमा नहीं की थी। इसके बाद भी उन पर गलत तरीके से निलंबन की कार्रवाई की गई है। वे इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर साक्ष्य उपलब्ध कराएंगे।