अमांपुर। कस्बे के तीन युवकों ने देव मूर्ति काे पैर से गिराकर वीडियो तैयार करके सोशल साइटपर अपलोड करके धार्मिक भावनाओं को भड़काने का कार्य किया। इससे हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। राजीव नगर निवासी नूरस्लाम ने अपने साथी मुस्तकीम व फौजल के साथ मूर्ति को पैर से गिराकर एक वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सोशल साइट पर पोस्ट कर दिया। पोस्ट के वायरल होने पर हिंदू संगठनों एवं आरएसएस, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद अमांपुर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आक्रोश फैल गया। बजरंग दल सह संयोजक राजकिशोर ने अमांपुर कोतवाली मेें तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सावन माह एवं स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस तरह की पोस्ट शांति व्यवस्था को बिगाड़ सकती है। वायरल वीडियो अचलपुर गांव के अतरंजी खेड़ा मंदिर का बताया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंचल सिरोही ने बताया कि मामला जनपद एटा के थाना मिरहची क्षेत्र के गांव अचलपुर अतंरजी खेड़ा का है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।