मैनपुरी। बीएसए दीपिका गुप्ता ने शुक्रवार को सुल्तानगंज विकास खंड के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय पर दो अनुदेशक अनुपस्थित मिले। जानकारी पर पता चला कि ये अनुदेशक बिना सूचना के महीनों गायब रहते हैं। इस पर बीएसए ने उन्हें संविदा समाप्ति का प्रथम नोटिस जारी किया।
बीएसए दीपिका गुप्ता शुक्रवार को सुबह 9:35 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय पुसैना पहुंचीं। यहां निरीक्षण के दौरान अनुदेशक प्रदीप कुमार और उमा शर्मा अनुपस्थित मिले। जानकारी पर बीएसए ने पाया कि दोनों अनुदेशक लंब समय तक बिना किसी सूचना के स्कूल से गायब रहते हैं। इस पर बीएसए ने दोनों अनुदेशकों की संविदा समाप्ति के लिए प्रथम नोटिस जारी करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान यहां तैनात शिक्षिका शिक्षण कार्य छोड़कर बैठी मिलीं इस पर उन्हें भी नोटिस जारी किया गया है।
खंड शिक्षाधिकारी भोगांव को भी जारी किया नोटिस
बीएसए दीपिका गुप्ता ने उच्च प्राथमिक विद्यालय पुसैना पर अनुदेशक प्रदीप कुमार और उमा शर्मा के लंबे समय तक अनुपस्थित रहने के मामले में खंड शिक्षाधिकारी को भी प्रथम दृष्टया दोषी माना है। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को नोटिस जारी करते हुए कहा कि आखिर स्कूल से अधिकतर गायब रहने वाले अनुदेशकों के नवीनीकरण की संस्तुति कैसे कर दी।