कासगंज। अधिकारियों और कर्मचारियों के चुनाव तैयारियों में व्यस्तता के चलते उच्चीकृत श्रेणी के तीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के निर्माण का कार्य फिलहाल शुरू नहीं हो सका है। शिक्षा विभाग का कहना है कि चुनाव के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। शिक्षा सत्र 2023-24 में उच्चीकृत कर इन विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा व्यवस्था लागू कर दी। इसके लिए कासगंज नगर, कासगंज ग्रामीण के लिए हिम्मतपुर सई एवं सोरोंजी के लिए सलेमपुर बीबी में चिन्हित भूमि पर विद्यालय भवनों का निर्माण कार्य होना है। शासन ने इसे स्वीकृति देते हुए बजट भी जारी कर दिया। यह कार्य मार्च 2025 तक पूरा होना है। हालांकि लोकसभा चुनाव के चलते कार्य शुरू नहीं हो सका। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने बताया कि चुनाव समाप्त होने के बाद जून माह में इनका निर्माण शुरू कराया जाएगा।