पुलिस कर्मी ने की शर्मनाक हरकत
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भीड़ में फंसी महिला के साथ अश्लील हरकत करने वाले पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान आए वीडियो में भीड़ में फंसी महिला के साथ पीछे खड़ा पुलिसकर्मी अश्लील हरकत करता दिखा। इस अश्लील हरकत के दौरान महिला ने पीछे मुड़कर पुलिसकर्मी का विरोध किया, जिसके बाद वह वहां से निकल लिया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद आरोपी की पहचान फायर मैन विक्रम वीर के रूप में हो गई।
सीएफओ प्रमोद शर्मा ने सोमवार को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आकर सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपी की पुष्टि कर दी। इसके बाद फायर मैन विक्रम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी मथुरा अभिषेक यादव ने बताया कि मंगला आरती के समय महिला के साथ छेड़छाड़ के संबंध में वीडियो संज्ञान में आया था, जिसकी जांच करने के उपरांत फायर मैन विक्रम वीर के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए उसकी गिरफ्तारी कर ली गई है।