गांव खरपरी निवासी एक हलवाई शनिवार की रात घर से गायब हो गया। परिजन तलाश करते रहे। रविवार की सुबह घर के पास ही आम के पेड़ पर शव लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खरपरी निवासी अरविंंद कुमार (30) शादी समारोह में हलवाई का काम करता था। शनिवार को वह खाना खाने के बाद देर शाम घर से निकल गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन ने तलाश शुरू कर दी। लेकिन रात भर चली तलाश के बाद कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार की सुबह ग्रामीणों ने अरविंद का शव घर से करीब 500 मीटर दूर बाग में आम के पेड़ से लटका देखा। जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर आ गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को पेड़ से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।